हरियाणा में राजस्थान की डॉक्टर भावना यादव (25) की हत्या के मामले में सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। डॉक्टर को जली हालत में उसका रिश्तेदार उदेश यादव ही हॉस्पिटल लेकर गया था। सीसीटीवी फुटेज में युवक डॉक्टर को पकड़कर हॉस्पिटल के अंदर ले जाते दिखा है। उसके बाद से युवक फरार है। पुलिस ने उसके फ्लैट की तलाशी ली है, जिसमें पेट्रोल की बोतल और जले कपड़े मिले हैं। इस युवक ने ही भावना की मां को फोन कर डॉक्टर के जलने और हॉस्पिटल में भर्ती होने की बात बताई थी। डॉक्टर की मां ने भी शक जाहिर करते हुए उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। पहले 3 तस्वीरों से समझिए हॉस्पिटल में पूरा मामला… टेस्ट देने के लिए दिल्ली गई थीं
डॉक्टर भावना यादव (25) बहरोड़ की रहने वाली थीं। उन्होंने 2023 में फिलीपींस से एमबीबीएस किया था और पीजी की तैयारी कर रही थीं। वह 21 अप्रैल को पेपर देने के लिए दिल्ली गई थीं। दिल्ली में छोटी बहन शानू के पास रुकी थीं। 23 अप्रैल को सुबह करीब 11 बजे शानू के कमरे से MCI कोचिंग का टेस्ट देने के लिए निकली थीं। उसी रात 11:30 बजे डॉक्टर भावना ने परिजनों से बातचीत की थी। उसके बाद डॉक्टर के जलने और हिसार हॉस्पिटल में भर्ती होने की बात उनकी मां गायत्री यादव को उनके रिश्ते में लगने वाले जेठ की बेटी के भांजे उदेश यादव ने दी थी। डॉक्टर को हिसार से जयपुर के SMS हॉस्पिटल रेफर किया गया था। जहां इलाज के दौरान 24 अप्रैल को दम तोड़ दिया था। महिला डॉक्टर के संपर्क में था युवक
डॉक्टर भावना के भाई ने सोमवार को हिसार एसपी शशांक कुमार से मुलाकात कर आरोपी को जल्द पकड़ने की मांग की। हिसार डीएसपी तनुज शर्मा ने बताया- भावना की मां को फोन करने वाला युवक उदेश यादव प्राइम सस्पेक्ट है। वारदात के बाद से ही वह फरार है। हिसार में उसके फ्लैट पर ताला लगा है। पुलिस ने ताला तोड़कर उसके फ्लैट की तलाशी ली। फ्लैट से पेट्रोल की बोतल और जले कपड़े मिले हैं। वह डॉक्टर भावना के साथ लगातार संपर्क में रहा है। पुलिस ने डॉक्टर का फोन भी बरामद कर लिया है। उदेश की तलाश की जा रही है। युवक की 4 साल पहले शादी हुई थी
भावना की मां गायत्री यादव ने बताया- उदेश हरियाणा के रेवाड़ी जिले के लीलोठ का रहने वाला है। वह हमारा रिश्तेदार है। 2019 में क्लर्क लगने के बाद 4 साल पहले महेंद्रगढ़ के बींदपुर गांव में शादी हुई थी। उसका 3 साल का बेटा भी है। वह हिसार में अकेला ही रहता है। उसका पूरा परिवार गांव में रहता है। डॉक्टर ने पीजी करने के लिए 10 लाख का पैकेज छोड़ा
गायत्री यादव का कहना है कि बेटी की नौकरी गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में लग गई थी। वह एमबीबीएस के आधार पर इंटरव्यू देकर आई थी। उसे 10 लाख का पैकेज भी मिल रहा था। उसने पीजी करने के लिए जॉब जॉइन नहीं की थी। ………………… ये खबर भी पढ़ें… राजस्थान की महिला डॉक्टर को हिसार यूनिवर्सिटी में जलाया था:मां बोलीं- हॉस्पिटल में बेटी ने कहा था, मुझे बचा लो; चार जगह थे कट के निशान हरियाणा में राजस्थान की महिला डॉक्टर भावना यादव (25) की हत्या में नया खुलासा हुआ है। भावना की मां को कॉल कर अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी देने वाला युवक उदेश यादव रेवाड़ी का रहने वाला है और हिसार में क्लर्क है। (पढ़ें पूरी खबर) राजस्थान की महिला डॉक्टर की हरियाणा में हत्या:पेट में धारदार हथियार से वार किया, फिर जलाया; दिल्ली टेस्ट देने गई थी राजस्थान की डॉक्टर भावना यादव (25) की हरियाणा में हत्या कर दी गई। धारदार हथियार से गोदने के बाद युवती को आग लगा दी। एक युवक ने डॉक्टर की मां को कॉल कर बताया कि भावना जल गई है और हिसार के सोनी हॉस्पिटल में भर्ती है। (पढ़ें पूरी खबर)


