दतिया सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज को लेकर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शादी के 15 दिन बाद से शुरू हुए दहेज के ताने भाण्डेर रोड इलाके में रहने वाली 22 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 18 फरवरी 2024 को गोराघाट में सामाजिक रीति-रिवाज से आकाश उर्फ बेटू लोहापीटा, निवासी ग्राम मकोड़ा, जिला ग्वालियर के साथ हुई थी।पीड़िता के अनुसार, शादी के समय उसके पिता ने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार एक लाख रुपए नकद, बुलेट मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के जेवर और गृहस्थी का सामान दिया था। इसके बावजूद शादी के महज 15 दिन बाद से ही ससुराल में दहेज को लेकर ताने दिए जाने लगे। पांच लाख की मांग, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि पति आकाश, सास फूलवती, ससुर सिरदार और ताऊ ससुर सुआ लोहापीटा आए दिन गाली-गलौज करते हुए पांच लाख रुपए की अतिरिक्त दहेज मांग करने लगे। सास द्वारा अपमानजनक ताने मारे जाते थे, जिससे वह मानसिक रूप से टूटने लगी। वहीं पति भी लगातार दहेज को लेकर प्रताड़ित करता रहा। पैसे न लाने पर जान से मारने की धमकी पीड़िता का कहना है कि शादी के करीब डेढ़ माह बाद ससुराल वालों ने उसे मायके भेज दिया और साफ कहा कि जब तक वह पांच लाख रुपए लेकर नहीं आएगी, तब तक ससुराल आने की जरूरत नहीं है। आरोप है कि इस दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। तब से पीड़िता मायके में रह रही है। ससुराल पक्ष न तो उसे वापस ले जाने को तैयार है और न ही बातचीत करना चाहता है। उल्टा दूसरी शादी कराने की धमकी दी जा रही है। समझाइश बेअसर, पुलिस ने शुरू की जांच पीड़िता के पिता ने कई बार ससुराल पक्ष को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। इसके बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।


