भास्कर न्यूज |हजारीबाग हजारीबाग एसपी अरविंद कुमार सिंह ने शुक्रवार को अपने आवासीय सभागार में क्राइम मीटिंग किया। जहां सभी पुलिस पदाधिकारी और थाना प्रभारी को सख्त निर्देश दिया कि महिला प्रताड़ना नशा कारोबार संगठित अपराध के विरुद्ध सबसे सख्त कार्रवाई करें त्वरित कार्रवाई करें और नक्सली के विरुद्ध लगातार अभियान चलाएं। उन्होंने अवैध उत्खनन, कोयला बालू पत्थर की तस्करी पर रोक लगाने ,अंचल से समन्वय स्थापित कर जमीन विवाद का निपटारा करने का निर्देश दिया। एसपी श्री सिंह ने पिछले माह में घटित सभी महत्वपूर्ण आपराधिक कांडों की समीक्षा किया और सभी कांडों के त्वरित निष्पादन के लिए निर्देश दिया। उन्होंने 5 से10 वर्षों से अधिक पुराने लंबित कांडों के अविलंब निष्पादन करने, जमानती तथा गैरजमानती वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की- जब्ती का त्वरित निष्पादन करने,सिविल कोर्ट के सुरक्षा की नियमित रूप समीक्षा करते हुए सुरक्षा से संबंधित सभी मानकों को पूर्ण करने,अवैध पोस्ता एवं अफीम की खेती करने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्घ कार्रवाई करने तथा उनके विरुद्घ सीसीए का प्रस्ताव समर्पित करने ,महिला प्रताड़ना एवं हिंसा तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति से संबंधित कांडों में अविलंब कार्रवाई करते हुए 60 दिनों के भीतर उन कांडों का निष्पादन करने, नशाखोरी के पदार्थ खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई करने, विभिन्न सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग करने साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्घ कड़ी कानूनन कार्रवाई करने, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नक्सलियों के खिलाफ अभियान चलाने ,संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों तथा साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सीसीए एवं एनएसए के तहत कार्रवाई करने, सरकारी जमीन से संबंधित जितने भी मामले थाना में लंबित है उन्हें यथाशीघ्र संबंधित अंचलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर उसका निष्पादन करने और अवैध कोयला, बालू एवं पत्थर उत्खनन पर पूर्णत: रोक लगाने एवं इसके लिए संबंधित अंचल अधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित करते हुए अवैध खनन पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार, सदर एसडीपीओ अमित आनंद, एएसपी अमित कुमार, बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार, सभी डीएसपी व एसडीपीओ, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी मौजूद थे।


