महिला बीडीओ को ठेकाकर्मी ने दी जान से मारने की धमकी, चैंबर में घुसकर अभद्रता

भास्कर संवाददाता|टोंक टोंक पंचायत समिति की बीडीओ ( ब्लॉक विकास अधिकारी) सविता राठौड़ को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। बीडीओ ने इसकी शिकायत कोतवाली में दी है। कोतवाली पुलिस ने फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं कर शिकायत को जांच के लिए परिवाद में रखा है। मामला शुक्रवार शाम का बताया जा रहा है। जान से मारने की धमकी देने वाला युवक पंचायत समिति में ही ठेकाकर्मी है। बताया जाता है कि युवक के व्यवहार व कामकाज को लेकर बीडीओ ने पहले भी नियुक्ति देने वाले एनजीओ को उसकी शिकायत की थी। कोतवाल भंवरलाल वैष्णव ने बताया कि शुक्रवार को टोंक पंचायत समिति की विकास अधिकारी सविता राठौड़ ने लिखित में शिकायत दी है। इसमें बताया कि पंचायत समिति टोंक में एसोसिएशन फॉर रूरल एनवायरमेंट थ्रू वॉलेंटरी एक्शन एंड लोकल इन्वॉल्वमेंट (अरावली) संस्था जयपुर की ओर से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज योजना अभियान के लिए अरविन्द कुमार मेहरा को ब्लॉक कॉर्डिनेटर (बीपीएमयू) पद पर लगवाया है। संस्था का यह कार्मिक पंचायत कार्यालय में अनुशासनहीनता एवं दुर्व्यवहार करता रहा है। कई बार चेतावनी देने के बावजूद इसके व्यवहार कोई बदलाव नहीं आया। ऐसे ही एक मामले की शिकायत पर उसे समझाने के लिए बीडीओ ने चैंबर में बुलाया था। चैंबर में आते ही अरविंद ने सुने बगैर उनके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। उन्होंने उसे अच्छे बर्ताव के लिए आगाह किया तो वह बिफर गया और अपशब्द बोलने लगा। उसने तैश में आकर चोटी पकड़कर बाहर घसीट ले जाने ओर चाकू से मारने की धमकी दी। मैं यहां वर्ष फरवरी 2024 से बीडीओ के तौर पर कार्यरत हूं। इससे पहले किसी भी कार्मिक से ऐसा बर्ताव नहीं देखा और ना ही सुना। अरविंद की कई शिकायतें पहले भी आ चुकी थीं। उसे सही तरह से काम करने की हिदायत भी दी थी। वह कई बार कार्यालय से बिना सूचना के गायब रहता था। बाद में आकर हाजिरी लगाता था। शुक्रवार शाम को भी शिकायत पर समझाने के लिए बुलाया था। उसका क्रोधित रूप देखकर मैं घबरा गई। कहीं वास्तव में ही उसने हमला कर दिया तो वह यहां नौकरी कैसे करेंगी? हल्ला सुनकर कार्यालय में मौजूद कुछ कर्मी दौड़कर चैंबर में आए और मुश्किल से अरविंद को बाहर लेकर गए। इस घटना के बाद वह घबरा गई्र । उन्होंने प्रशासक एवं टोंक एसडीएम हुक्मीचंद रोहलानिया तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका को प्रकरण की जानकारी दी। बीडीओ ने कहा कि एक अधिकारी होने के बाद मेरे अधीन काम करने वाला कार्मिक मेरे साथ ऐसा बर्ताव कर सकता है तो इससे उसके दुस्साहस की कल्पना की जा सकती है। भविष्य में कसी के साथ ऐसा ना हो इसके लिए सबक मिलना जरूरी है। यही सोचकर पुलिस को कार्रवाई के लिए शिकायत दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *