मुरैना पुलिस लाइन में मंगलवार सुबह सड़क साफ कर रही महिला सफाई कर्मचारी और एक पुलिसकर्मी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने महिला से घर की सफाई कराने की कोशिश की और मना करने पर गाली-गलौज की। घटना का वीडियो महिला के बेटे ने बना लिया। नगर निगम में पदस्थ महिला सफाई कर्मचारी रामा बाई की ड्यूटी पुलिस लाइन की सड़कों की सफाई की थी। मंगलवार सुबह वह सफाई कर घर लौट रही थी। तभी पुलिसकर्मी गंभीर सिंह ने उसे रोका और घर में सफाई करने को कहा। घर की सफाई से किया इनकार रामा बाई ने पुलिसकर्मी से कहा कि उसकी ड्यूटी सिर्फ सड़क साफ करने की है, घर साफ करने की नहीं। इस पर पुलिसकर्मी नाराज हो गया और उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। बेटे ने वीडियो बना लिया महिला ने गालियां देने से मना किया और अपने बेटे को बुला लिया। बेटे ने मौके पर पुलिसकर्मी की गाली-गलौज का वीडियो बना लिया। कोतवाली पुलिस को दिया आवेदन रामा बाई ने इस घटना की शिकायत कोतवाली पुलिस को दी है। उन्होंने आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। जांच के बाद होगी कार्रवाई कोतवाली प्रभारी एसआई संजय वरैया ने कहा- “सफाई कर्मचारी रामा बाई ने आवेदन दिया है। उसकी जांच करेंगे और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।”


