छिंदवाड़ा: अमरवाड़ा विधानसभा के ग्राम गाडरवाड़ा में स्वीकृत जलाशय निर्माण कार्य शुरू न होने से नाराज किसानों और ग्रामीणों ने मंगलवार को महुआखेड़ा–नरसिंहपुर रोड पर चक्का जाम कर दिया। किसानों का कहना है कि वर्ष 2008 में जलाशय की स्वीकृति और वर्ष 2023 में भूमि अधिग्रहण व मुआवजा प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, जिससे क्षेत्र में भीषण जल संकट बना हुआ है। चक्का जाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अमरवाड़ा ने किसानों से चर्चा कर जलाशय निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने और उच्च अधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन के बाद किसानों ने शांतिपूर्ण तरीके से चक्का जाम समाप्त कर दिया। किसानों की दो टूक चेतावनी किसानों ने स्पष्ट किया कि यदि 15 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो वे भूख हड़ताल के साथ पुनः चक्का जाम करेंगे। आंदोलन की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


