भास्कर न्यूज | महुआडांड़ ओरसा-महुआडांड़ मुख्य पथ पर ओरसापाट घाटी में बुधवार देर रात 9:30 बजे बारातियों से भरी पिकअप वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमे दो लोगों की मौत हो गई। जबकि 17 लोग घायल हो गए। मृतकों में महुआडांड़ के बेलवार निवासी हेलारूस बेग (32) और सुनील नगेसिया (40) शामिल हैं। महुआडांड़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि बेलवार गांव से बारात ओरसा गांव गई थी। देर रात बाराती वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान ओरसापाट घाटी में वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे हेलारूस बेग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान सुनील नगेसिया ने भी दम तोड़ दिया। घायलों में धर्मपाल नगेसिया, लवकुश कुमार, सतपाल नगेसिया, अर्जुन नगेसिया, अनूप नगेसिया समेत 17 लोग शामिल हैं। 10 लोगों को रेफर किया गया है। अन्य का इलाज महुआडांड़ अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। जिसके कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके अलावा चालक और कुछ सवारियों के नशे में होने की बात भी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में ओवरलोडिंग और नशे को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। हालांकि थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने वाहन चालक और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सड़क दुर्घटना की जांच कर रही है।


