लातेहार में हाथियों के झुंड ने एक महिला को पटक कर मार डाला। महिला जंगल में महुआ चुनने गई थी। इसी दौरान हाथियों ने उसे सूढ़ में लपेट कर पटक दिया। वहीं, इस घटना के बाद ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। घटना बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत मारंगलोइया गांव की है। 16 से 17 की संख्या में हाथियों का था झुंड मृतका की पहचान सुनीता देवी (38) के रूप में की गई। परिजनों ने बताया कि सुनीता महुआ चुने गई थी। वहां 16 से 17 की संख्या में हाथियों का झुंड मौजूद था। महुआ चुनने के दौरान हाथी के झुंड ने सुनीता पर हमला कर दिया और उसे पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। रिम्स जाने के दौरान रास्ते में महिला की हुई मौत सुनीता के साथ गई अन्य महिलाओं ने किसी प्रकार भाग कर अपनी जान बचाई और उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। परिजनों ने घायल महिला को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डॉक्टर सुरेंद्र कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में महिला की मौत हो गई। ग्रामीणों ने 10 लाख रुपए मुआवजा मांगा इधर, घटना से आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने बालूमाथ खलारी मुख्य पद को मरंग लोहिया गांव के पास जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि आए दिन इसी इलाके में हाथियों का झुंड उत्पात मचा रहा है, लेकिन वन विभाग जंगली हाथियों को भगाने के लिए कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। सड़क जाम कर रहे लोगों ने मृतका के परिजनों को 10 लाख रुपए मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।


