महुली स्वास्थ्य केंद्र: एएनएम का तबादला, ग्रामीण नाराज

भास्कर न्यूज | बिहारपुर सीमित संसाधनों और कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रहे महुली उप स्वास्थ्य केंद्र से एएनएम अनामिका तिर्की का अचानक तबादला कर दिया गया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। इस केंद्र में चार स्वास्थ्यकर्मियों की जरूरत है। इनमें एक सीएचओ, दो आरएचओ और एक एएनएम शामिल हैं। वर्तमान में केवल दो कर्मचारी कार्यरत थे। अब एएनएम के तबादले के बाद पूरा गांव एकमात्र कर्मचारी के भरोसे रह गया है। ग्रामीणों ने इस निर्णय को जनस्वास्थ्य के साथ मजाक बताया है। उनका कहना है कि पहले से ही सीमित चिकित्सा सेवाएं मिल रही थीं। अब एकमात्र एएनएम के जाने से स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप हो जाएंगी। ग्रामीणों ने प्रशासन की असंवेदनशीलता पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि “स्वास्थ्य सबके लिए” जैसे सरकारी नारे अब खोखले लगते हैं। स्थानीय निवासी राकेश गुप्ता, सरपंच प्रतिनिधि और अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह तबादला किसी निजी स्वार्थ या दबाव में किया गया है। न तो ग्रामीणों की राय ली गई, न ही क्षेत्र की जरूरतों को समझा गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द तबादला रद्द नहीं हुआ और स्वास्थ्य केंद्र में पूरा स्टाफ नहीं मिला, तो वे आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं, समाधान चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *