पीपलखूंट के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल महुवाल में जर्जर भवन को लेकर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। भवन की खराब स्थिति के कारण छात्रों को दूसरे स्कूल में स्थानांतरित करने के आदेश जारी किए गए थे, जिसका छात्रों ने विरोध किया। आदेश के विरोध में छात्रों ने स्कूल का मुख्य गेट अंदर से बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी निलेश कुमार कलाल ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजा। इसके बाद मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मूलशंकर मेघवाल स्कूल पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने छात्रों को जर्जर भवन से होने वाले संभावित खतरे और सुरक्षा की प्राथमिकता के बारे में जानकारी दी। मेघवाल ने वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर भी छात्रों को समझाया। प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से की गई समझाइश के बाद छात्रों का प्रदर्शन शांत हुआ। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। समझाइश के बाद स्थिति सामान्य हो गई और कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। प्रशासन ने स्कूल भवन की स्थिति को लेकर आगे भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।


