मध्यप्रदेश में बाबा साहब अंबेडकर की जन्मस्थली महू में 26 जनवरी को होने वाली कांग्रेस की ‘जय भीम, जय बापू, जय संविधान’ रैली अब 27 जनवरी को होगी। दरअसल, तीन दिन पहले कांग्रेस की मीटिंग में पार्टी नेताओं ने तारीख बदलने की मांग की थी। जिसके बाद एमपी कांग्रेस की ओर से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को रैली 27 जनवरी करने का प्रस्ताव भेजा गया था। जिस पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अपनी सहमति दे दी है। शुक्रवार शाम को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ने इसकी जानकारी दी है। कांग्रेस 27 जनवरी को महू में होने वाली रैली से पहले मध्यप्रदेश के गांव-गांव में और वार्डों में सुबह-शाम प्रभात फेरियां निकालेगी। शुक्रवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें 27 जनवरी के इस बड़े आयोजन को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान संगठन में नियुक्तियों को लेकर पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने ऐतराज जताया, वहीं विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि बीजेपी मुसलमानों को टारगेट करती है, हम चुप हो जाते हैं। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पार्टी नेताओं को अनुशासन रखने की नसीहत दी है। जीतू पटवारी ने कहा- कोई संगठन बिना अनुशासन के तरक्की नहीं कर सकता। इस भावना से बाहर निकलना पड़ेगा कि मुझे टिकट नहीं मिलेगा तो मैं निर्दलीय लड़ जाऊंगा। बीजेपी में कितनी सिर फुटव्वल चल रही है। आरिफ मसूद बोले- हिंदू-मुस्लिम का माहौल बनाया जा रहा
बैठक में विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि ‘भाजपा में हमसे लड़ने का दम नहीं है। वह हमारे लोगों को तोड़कर लड़ती है। विधानसभा घेराव के दिन हमें आगे बढ़ना चाहिए था। प्रदेश भर के कार्यकर्ता निराश हुए, उनसे माफी मांगनी चाहिए।’ मसूद ने कहा- ‘मुस्लिम लीग को मुसलमानों ने खत्म किया। जब भाजपा के लोग मुसलमानों को टारगेट करते हैं, तो हमारे लोग चुप हो जाते हैं। देश का माहौल जिस दिशा में ले जाया जा रहा है, उसमें हमें कड़े फैसले लेने की जरूरत है। हिंदू-मुस्लिम का माहौल बनाया जा रहा है। जब भाजपा हिंदुत्व की बात करती है और हम बीजेपी के प्लेटफॉर्म पर खेलने लगते हैं, तो आप खेलिए, लेकिन आप हमेशा हारेंगे।’ कांग्रेस बीजेपी की पिच पर खेलेगी, तो नहीं जीतेगी: बरैया कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया ने कहा कि यह सत्य है कि अगर कांग्रेस बीजेपी की पिच पर खेलेगी, तो वह कभी नहीं जीतेगी। हमें अपनी पिच पर खेलना होगा। बाबा साहब अंबेडकर का विचार और संविधान हमारी पिच है और बीजेपी यहां हमसे मुकाबला नहीं कर सकती। आरिफ मसूद के बयान पर बरैया ने कहा कि उन्होंने गलत नहीं कहा कि हम गलत तरीके से उनकी पिच पर खेल रहे हैं और अक्सर हारते रहे हैं। जिलों में प्रभारी के ऊपर प्रभारी की नियुक्ति पर ऐतराज
बैठक में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि जिले में प्रभारी के ऊपर प्रभारी आ रहे हैं। एक की नियुक्ति के बाद दूसरे प्रभारी आ गए। अजय सिंह ने एक जिलाध्यक्ष को खड़ा करके पूछा कि बताओ भैया अध्यक्ष जी प्रभारी पर प्रभारी आ रहे या नहीं? अजय सिंह की बात पर जीतू पटवारी ने कहा जिले का प्रभारी तो एक ही रहेगा। आपको सिस्टम को ब्रेक करना है तो संविधान में बदलाव करना पड़ेगा। अजय सिंह जवाब देते हुए कहा संविधान में बदलाव हो या न हो। लेकिन जिले में एक प्रभारी हो। ये न हो कि एक आया और फिर दूसरा प्रभारी आ गया। और कहा गया कि वो काम नहीं कर पा रहा था। बैठक में इन नेताओं ने यह कहा महू में रैली से पहले गांव-गांव रैली करेगी कांग्रेस
महू में रैली से पहले कांग्रेस प्रदेशभर के गांव-गांव और वार्डों में रैली निकालेगी। यह रैली सुबह-शाम फेरियों की तर्ज पर निकाली जाएगी। यह रैली 11 जनवरी शनिवार से ही शुरू की जाएगी। पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा बोले, जिला प्रभारी और सह प्रभारियों को वार्ड और गांव के अंदर यह रैली आयोजित करनी है। लोगों को इस रैली में शामिल होने का मन बनाना है, उन पर कोई प्रेशर नहीं डालना है। बैठक में 2 घंटे लेट आए प्रदेश प्रभारी, कमलनाथ नहीं आए
कांग्रेस की इस महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह ही 2 घंटे लेट पहुंचे। इसकी वजह बताते हुए वह बोले कि दिल्ली में कोहरे की वजह से फ्लाइट लेट हो गई, इसलिए लेट हो गया। पूर्व सीएम कमलनाथ और पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह इस बैठक में नहीं पहुंचे। रैली में शाह को हटाने की मांग करेंगे बैठक के बाद पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा के लोग षड्यंत्रकारी हैं। उनका अभियान 25 जनवरी तक चलेगा। अगर वे 26 जनवरी तक अभियान चलाते तो उन्हें बाबा साहेब अंबेडकर का नाम 10 बार लेना पड़ेगा। कांग्रेस 27 जनवरी को महू में एक विशाल रैली करेगी। हम रैली में पीएम नरेंद्र मोदी से मांग करेंगे कि वे गृहमंत्री अमित शाह को पद से हटाएं। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत सभी सीनियर लीडर आएंगे। हमारी रणनीति है कि प्रदेश के हर जिले से एक लाख से अधिक लोग आएंगे। फोकस इंदौर के आसपास के जिलों पर है। प्रभारियों पर प्रभारियों को लेकर कहा कि उन्हें (अजय सिंह) कुछ लोगों ने गलत जानकारी दी थी। इस पर जीतू पटवारी ने कहा कि जिले का एक प्रभारी बनाया गया है और उस जिले में यदि 3 विधानसभा हैं तो वहां एक-एक प्रभारी बनाया गया है। यह इसलिए किया गया है कि क्योंकि हमें ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्ति जल्द करनी है। पटवारी बोले- बाबा साहेब का अपमान बीजेपी की साजिश
बैठक से पहले पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि 2025 का साल कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने का साल है। किसान, गरीब, दलित और गांव-गांव में कांग्रेस की पैठ जमाना हमारा लक्ष्य रहेगा। यह तभी संभव होगा जब संगठन मजबूत होगा। पार्टी को मजबूत करना आज की आवश्यकता है। जैसी मेहनत चुनाव वाले साल में जरूरी होती है, वैसी ही मेहनत हर साल करने की आवश्यकता है। पटवारी ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, बाबा साहेब का संविधान खतरे में है। बाबासाहेब का अपमान बीजेपी की सोची-समझी साजिश के तहत हो रहा है। कांग्रेस ने देश को आजाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश की उन्नति में भी हमारे नेताओं ने शहादत दी और इतिहास रचा। अब संविधान बचाने के लिए खून का आखिरी कतरा भी देने को कांग्रेस तैयार है। दिनभर चलेगा बैठकों का दौर बता दें कि दिनभर बैठकों का दौर चलेगा। पहले राउंड में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दोपहर 1 बजे से 5 बजे तक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसके बाद दूसरे राउंड की बैठक करीब 6 बजे शुरू होगी। रैली के लिए पटवारी ने बनाई 11 कमेटियां महू में होने वाली रैली की तैयारियों और व्यवस्थाओं के लिए पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने 11 समितियां बनाई हैं। इनमें कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे दिग्गज नेताओं को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं। समन्वय समिति में ये शामिल प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजयसिंह, कांतिलाल भूरिया, अरूण यादव, मप्र के सह प्रभारी संजय दत्त, चंदन यादव, आनंद चौधरी, महासचिव रण-विजय सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी राजीव सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल, सेवादल के अध्यक्ष योगेश यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मितेन्द्र सिंह और एनएसयूआई के अध्यक्ष आशुतोष चौकसे को समन्वय समिति में शामिल किया गया है।


