हरियाणा के महेंद्रगढ़ में नेशनल हाईवे-152 डी पर सड़क किनारे खड़े कैंटर को पीछे से ट्राले ने टक्कर मार दी। इससे कैंटर के ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हो गई। दोनों के शव ट्राले के टायरों में फंस गए। एक के ऊपर ट्राले के टायर चढ़े हुए थे। उसकी आंतें तक बाहर आ गईं थीं। पुलिस ने क्रेन के जरिए शवों को बाहर निकाला। इसके वीडियो भी सामने आए हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को नागरिक अस्पताल में पहुंचा दिया है। दोनों ही मृतक पंजाब के लुधियाना के रहने वाले थे, जो की राजस्थान से वापस लुधियाना जा रहे थे। वहीं, ट्राला ड्राइवर मौके से फरार हो गया था जिसकी तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। हादसे के बाद की 4 तस्वीरें… कैंटर में घुसा ट्राला, पास में खड़े ड्राइवर और कंडक्टर को कुचला
हादसा शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे दौंगड़ा अहीर टोल के पास चितलांग गांव के पास हुआ है। दौंगड़ा पुलिस चौकी इंचार्ज प्रीतम सिंह ने बताया कि पंजाब नंबर का खाली टैंकर सड़क किनारे खड़ा हुआ था। कैंटर के ड्राइवर और कंडक्टर वहीं पर खड़े थे। इसी दौरान पीछे से राजस्थान नंबर का कॉन्क्रीट से भरा ट्राला उसमें जा घुसा। टायरों के नीचे फंसे दोनों के शव
हादसा इतना भयंकर था कि कैंटर के ड्राइवर और कंडक्टर के ऊपर से ट्राले के टायर गुजर गए। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक का शव ट्राले के टायरों के नीचे फंसा था, वहीं दूसरा ट्राले के टायरों के नीचे दबा था। इसकी सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से शवों को बाहर निकाला।


