महेन्द्रजीत मालवीय के बीजेपी छोड़ने पर कैबिनेट मंत्री का कटाक्ष:खराड़ी बोले- कांग्रेस डूबती नाव! जो बैठेगा डूबेगा, आए तो स्वागत गए तो धन्यवाद; नहीं बदलेंगे सियासी समीकरण

वागड़ के बड़े नेताओं में शामिल महेन्द्रजीत मालवीय के बीजेपी से कांग्रेस में जाने के बाद बयानबाजी तेज हो गई है। राजस्थान के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि जो डूबती नाव में बैठेगा, वह डूबेगा। कांग्रेस डूबती नाव है। देशभर में कांग्रेस समाप्त हो रही है। जब वे बीजेपी में आए थे तो उनका स्वागत किया था और अब गए हैं तो धन्यवाद। जनजाति मंत्री खराड़ी ने कहा कि मालवीय के जाने से वागड़ में कोई सियासी समीकरण बदलने वाला नहीं है। उन पर किसी तरह का कोई दबाव नहीं है। किस बात का दबाव। वे कांग्रेस से बीजेपी में अपने मन से आए थे और अब वापस भी अपने मन से गए हैं। बीजेपी छोड़ने के दूसरे दिन एसीबी की रेड पर मंत्री खराड़ी ने कहा कि उनके यहां ईडी का भी छापा पड़ा था। उनके कई व्यवसाय हैं और कई काम हैं। एजेंसियां हमारे व्यवसाय पर नजर रखती हैं और समय-समय पर ऐसी कार्रवाई होती रहती है। ये जानकारी सरकार को रहनी चाहिए। ऐसा कुछ नहीं है कि उनके जाते ही एजेंसियों ने कोई छापा मारा हो। ये तो चलता रहता है। अगर ऐसा नहीं होगा तो लूटपाट होगी और जनता के पैसे का दुरुपयोग होगा। बता दें कि पूर्व मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीय ने 9 दिन पहले बीजेपी छोड़ दी थी। उन्होंने कहा था कि बीजेपी में मेरा दम घुट रहा है। सत्ता में होते हुए भी मैं जनता के काम नहीं करा पा रहा हूं। भाजपा सरकार में गरीबों की सुनने वाला कोई नहीं है। मनरेगा का भुगतान महीनों से अटका है, किसानों को खाद नहीं मिल रहा। मैंने कई बार मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष को चिट्ठी लिखी, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। दो साल में ही भाजपा से मोह भंग हो गया। मालवीय ने कांग्रेस महासचिव सुखजिंदर सिंह रंधावा, पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली से मुलाकात भी की थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *