मांगों को लेकर कंप्यूटर ऑपरेटर एसो. ने 9 से 2 बजे तक कामकाज रखा बंद

भास्कर न्यूज | अमृतसर फर्द केंद्रों में काम कर रहे कर्मचारियों ने वीरवार को सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक कामकाज ठप रखकर पंजाब सरकार के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान फर्द आदि निकलवाने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फर्द केंद्र कंप्यूटर ऑपरेटर एसोसिएशन के जिला प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि पंजाब सरकार से अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए जल्द नीति बनाने और लंबे समय से कार्यरत ऑपरेटरों को नियमित करने की मांग उठाई है। एसोसिएशन का कहना है कि 17–18 वर्षों से लगातार फर्द केंद्रों में डाटा एंट्री और अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी कार्य कर रहे हैं, लेकिन अभी तक किसी भी सरकार ने उनकी सेवाओं को मान्यता नहीं दी। उन्होंने बताया कि उनकी मेहनत के कारण पंजाब के लगभग सभी गांवों और शहरों की मैनुअल जमाबंदी को डिजिटल स्वरूप में बदला गया है, जिससे लोगों को तेज, सरल और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने माल रिकॉर्ड को ऑनलाइन करने, इंतकाल दर्ज करने, जमाबंदी अपडेट करने, खसरा-गिरदावरी, पीएम किसान योजना, कर्ज माफी एंट्री, मुसावी कार्य, डिजिटल क्रॉप सर्वे, भू-नक्शे और खराबा कार्य जैसे कई जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया है। कोविड-19 महामारी के दौरान भी ऑपरेटरों ने अपनी जान की परवाह किए बिना फील्ड और वर्क स्टेशनों पर जाकर सरकार के निर्देशों को पूरी निष्ठा से निभाया। इसके अलावा चुनाव ड्यूटी सहित अन्य संवेदनशील कार्यों में भी वे लगातार योगदान देते रहे हैं। उन्होंने सरकार के समक्ष मांग की है कि उन्हें कम से कम डीसी रेट में ही रख लें, क्योंकि इतने वर्षों के बाद भी उन्हें नाममात्र वेतन मिल रहा है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से अपील की है कि वह सरकार आए दिन युवाओं को रोजगार दे रही है तो उसी का हिस्सा उन्हें भी बनाया जाए। इस अवसर पर उप प्रधान लवलीन सिंह, सलाहकार गुरशरनबीर सिंह, जिला सचिव अमरजीत सिंह, जिला प्रैस सचिव साजन कुमार आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *