जामताड़ा | मांझी परगाना सरदार महासभा प्रखंड समिति नारायणपुर की ओर से बुटबेरिया पंचायत भवन में बुटबेरिया एवं चम्पापुर पंचायत के सभी राजस्व गांवों के माँझी, जोगमांझी, नाईकी, कुडाम नाईकी, प्राणिक, जोगप्राणिक, भद्दो, गोडित, लासेरसाल एवं सुसारिया पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपाध्यक्ष सह माँझी बाबा तारकेश्वर मुर्मू ने की। बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षक व पेशा कानून विशेषज्ञ सुनील कुमार बास्की, महासभा के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार हांसदा, समाजसेवी सर्जन हांसदा, प्रखंड अध्यक्ष सज्जन कुमार मुर्मू एवं सचिव संजीत हेम्ब्रम मौजूद रहे। श्री बास्की ने मांझी परगाना स्वशासन व्यवस्था व पेशा कानून पर विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि निकट भविष्य में झारखंड में पेशा कानून लागू होगा, जिसके लिए सभी को जागरूक रहना होगा।


