मां पीतांबरा कॉलेज छात्रों ने नेशनल हाईवे जाम किया:फीस लेकर परीक्षा न कराने का आरोप; प्रशासन के आश्वासन पर प्रदर्शन खत्म

आगर मालवा में मां पीतांबरा नर्सिंग कॉलेज के जीएनएम छात्रों ने बुधवार को नेशनल हाईवे पर प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों से उनकी परीक्षा आयोजित नहीं की गई है। इस विरोध प्रदर्शन के कारण करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। छात्रों ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में जीएनएम पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था, लेकिन अभी तक उनकी कोई परीक्षा नहीं हुई है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन पर मानसिक उत्पीड़न, धमकी देने और फीस वापसी के लिए दिए गए चेक बाउंस होने का भी आरोप लगाया। छात्रों की मुख्य मांग है कि या तो तत्काल उनकी परीक्षाएं आयोजित की जाएं, या फिर उनकी जमा की गई फीस वापस की जाए। इससे वे किसी अन्य पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकेंगे। सूचना मिलने पर एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा, तहसीलदार विजय सेनानी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने छात्रों को समझाया और उनकी मांगों को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। प्रशासन ने मामले की जांच कर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने और पांच दिन में समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों ने जाम समाप्त कर दिया। इस मामले पर मां पीतांबरा नर्सिंग कॉलेज के संचालक महेश पाटीदार ने छात्रों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि छात्रों को एनरोलमेंट नंबर जारी हो चुके हैं और उनके परीक्षा फॉर्म व फीस भी जमा कर दी गई है। पाटीदार के अनुसार, इसी महीने परीक्षा की तिथि जारी होने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि यह समस्या केवल उनके कॉलेज तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के लगभग 40 नर्सिंग कॉलेजों में ऐसी स्थिति बनी हुई है। कॉलेज परीक्षा कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। एसडीओपी मोतीलाल कुशवाहा ने पुष्टि की कि जाम की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। छात्रों को समझाने के बाद उनकी समस्या प्रशासन के उच्च स्तर तक पहुंचाई गई है। समझाइश के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *