मां बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट समिति के चुनाव के दौरान रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। सर्व आदिवासी समाज ने ट्रस्ट में 50% आरक्षण की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासन ने किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए शहर में पुलिस बल तैनात किया। एक तरफ मंदिर ट्रस्ट समिति के दोनों पैनल और निर्दलीय प्रत्याशी मतदाताओं को अपनी ओर करने में जुटे रहे। दूसरी ओर आदिवासी समाज हाई स्कूल मैदान में ट्रस्ट समिति को भंग करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करता रहा। हालांकि, एसडीएम अभिषेक तिवारी सहित जिले के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बावजूद आदिवासी समाज ने शाम को मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर ज्ञापन सौंपा।आदिवासी समाज का कहना है कि मां बम्लेश्वरी उइके गोत्र की आराध्य देवी हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने मंदिर पर कब्जा कर उन्हें किनारे कर दिया है। मंदिर का निर्माण खैरागढ़ राज के राजा कमल नारायण सिंह ने करवाया था। 1976 में तत्कालीन राजा बीरेन्द्र बहादुर सिंह ने मंदिर का पुनर्निर्माण कर ट्रस्ट को सौंप दिया। आदिवासी समाज के विरोध के बावजूद चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।


