भास्कर न्यूज | माकड़ी सेन समाज द्वारा संत शिरोमणि सेन महाराज की 725वीं जयंती बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई। यह आयोजन सेन समाज को भवन निर्माण के लिए प्राप्त भूमि पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माकड़ी ब्लॉक के समस्त सेन समाज के सदस्यगण, पदाधिकारी और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत संत शिरोमणि सेन के चित्र पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना और आरती से हुई। श्रद्धालुओं ने महाराज की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर आराधना की। इसके पश्चात प्रसाद वितरण और सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी समाजजनों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने अपने प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने समाज के युवाओं को शिक्षा, एकता और सामाजिक विकास की दिशा में कार्य करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि सेन के आदर्शों और शिक्षाओं को अपनाकर ही समाज को सशक्त और उन्नत बनाया जा सकता है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अजजा जिला अध्यक्ष संजू पोयाम, मंडल अध्यक्ष संजू ग्वाल, माकड़ी जनपद सदस्य वीरेन प्रधान और लभा जनपद सदस्य मेष लाल पोयाम विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया और इस विषय को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने समाज में भाईचारे, एकजुटता और जागरूकता बनाए रखने की अपील की। मुख्य अतिथियों ने कहा कि संत शिरोमणि सेन का जीवन प्रेरणा का स्रोत है। वे हमेशा सेवा, समानता और सद्भावना के संदेशवाहक रहे हैं। उनके सिद्धांतों को आत्मसात कर हम समाज में नई चेतना का संचार कर सकते हैं। कार्यक्रम के समापन पर सेन समाज के समस्त पदाधिकारीगण, वरिष्ठजन और युवाओं ने समाज हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सभी समाजजनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरे आयोजन ने माकड़ी क्षेत्र में समाज की एकता और संगठनात्मक शक्ति का भव्य प्रदर्शन किया।


