भास्कर न्यूज | बेनूर नारायणपुर जिले में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर ग्राम बागबेड़ा में बुधवार को एसबीआई फाउंडेशन और परिवर्तन समाज विकास समिति के सौजन्य से स्वस्थ शुरुआत और आशापूर्ण भविष्य विषय पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “मातृ एवं नवजात शिशु स्वास्थ्य” रही जो केवल एक वाक्य नहीं, बल्कि एक संकल्प बनकर गांववासियों के हृदय में स्थान बना गई। मां की ममता और शिशु की मुस्कान, स्वास्थ्य से है जीवन की पहचान कार्यक्रम का मूल उद्देश्य ग्रामीणों को यह समझाना था कि मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य केवल पारिवारिक नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि माताओं और नवजात बच्चों की मृत्यु दर को रोकने के लिए समय पर देखभाल, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद आवश्यक है, पोषण और परामर्श से जुड़ी बातें सहजता से साझा की गईं। गर्भवती महिलाओं को यह बताया गया कि उन्हें किस तरह का आहार लेना चाहिए, किन विटामिन और खनिजों की आवश्यकता होती है, और कैसे वे अपने व आने वाले शिशु के स्वास्थ्य की रक्षा कर सकती हैं। नवजात की देखभाल, स्तनपान के लाभ और साफ-सफाई के महत्व को भी सरल भाषा में समझाया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं और उपस्थित ग्रामवासियों को फल और पौष्टिक आहार प्रदान किए गए यह पहल इस बात का प्रतीक बनी कि स्वास्थ्य की बात केवल शब्दों तक सीमित नहीं व्यवहारिक क्रियाओं तक पहुंचे गांव का सहयोग और स्वास्थ्य दल की समर्पित भागीदारी रही। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सेक्टर सुपरवाइजर आशा लता नाग, उप स्वास्थ्य केंद्र के पुरुष स्वास्थ्यकर्ता हीरालाल, ग्राम की मितानिन आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्रामवासियों की भागीदारी सराहनीय रही। परिवर्तन समाज विकास समिति, नारायणपुर की टीम से परियोजना समन्वयक तरुण कुमार, डॉ. लक्ष्मीनारायण, स्टाफ नर्स रूखमणि, फार्मासिस्ट मोमबती, लैब टेक्नीशियन मनीषा और पायलट दिनेश ने अपनी सेवाएं देकर कार्यक्रम को सफल और प्रभावशाली बनाया।


