मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य अस्पताल के रोगियों के लिए बना था रैन बसेरा

भास्कर न्यूज| धौलपुर सर्दी अब नश्तर की तरह चुभ रही है और उससे ज्यादा सितमगर है अफसरों की लापरवाही। फलस्वरूप मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य अस्पताल के रोगियों के परिजनों के रैन बसेरे के लिए 70 लाख रुपए से बना भवन दो साल से बंद पड़ा है। इसमें 18 कमरे बने हैं, लेकिन ताला जड़ा है। मजबूरन रोगियों के परिचारक हास्पिटल के बरामदों में ठंड गुजारने को विवश हैं। इनमें अधिकांश ग्रामीण परिवेश हैं और जो आसपास के होटल, गेस्ट हाउस में कमरा नहीं ले पाते। लेकिन उनकी बेबसी को अस्पताल प्रशासन नजरअंदाज कर रहा है। जबकि जिला कलेक्टर दो बार इसे प्रारंभ करने के निर्देश भी दे चुके हैं। मुख्यमंत्री नवाचार योजना के तहत जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों के तीमारदारों के ठहरने के लिए 70 लाख रुपए की लागत से 2 वर्ष पहले बनकर तैयार हो चुका है। कलक्टर द्वारा उद्घाटन भी कर दिया गया, लेकिन अभी तक प्रारंभ नहीं किया गया है। जिसके कारण ठिठुरन भरी सर्दी में तीमारदार अस्पताल परिसर में फर्श पर सोने को मजबूर हैं। हालांकि अटेंडर भवन में अस्पताल चौकी के लिए एक हॉल खोल रखा है,लेकिन तीमारदारों के ठहरने के लिए अधिकारी भवन के कमरों को नहीं खुलवा पा रहे है। इसी कारण से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य अस्पताल में भर्ती मरीजों के साथ रुकने वाले तीमारदार सुविधा सुविधा का लाभ नही उठा पा रहे हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संस्थान में रोजाना 200 से अधिक मरीज भर्ती रहते हैं। जिनमें करीब 100 प्रसूताएं होती है। मरीजों की संख्या को देखते हुए 200 मरीजों के साथ 500 से अधिक तीमारदार ठहरते हैं। अस्पताल परिसर में अटेंडर भवन में ठहरने की व्यवस्था होने के बाद अस्पताल में ही ठहरना पड़ता है। अथवा आसपास के होटल, गेस्ट हाउस और परिचितों के यहां। होटल और गेस्ट हाउस में किराया 600 से 2500 रुपए तक है। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा मातृ एवं शिशु अस्पताल के पास 22 दिसबंर 2021 को बिल्डिंग का निर्माण कार्य शुरु कर दिया। भवन में 18 कमरों का निर्माण कराया गया। निर्माण कार्य मार्च 2022 में पूरा हो गया। लेकिन जिम्मेदारों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा हैं। कलक्टर श्रीनिधि बीटी दो बार निरीक्षण कर चुके हैं। एक फरवरी को कलेक्टर ने भवन का निरीक्षण करने के बाद पूर्व पीएमओ डॉ. समरवीर सिंह सिकरवार को आदेश दिया था कि भवन को जल्द शुरु कराया जाए। इसके अलावा 30 नवंबर को कलेक्टर ने भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद पीएमओ डॉ. विजय सिंह को आदेश दिए थे कि जल्द तीमारदारों के भवन को खोला जाए। लेकिन अभी तक पीएमओ द्वारा भवन को शुरु नहीं कराया गया है। ^तीमारदारों के ठहरने के लिए 70 लाख रुपए का भवन बनवाया गया है। इसके शुरु करने के लिए अकाउंटेंट को सामान खरीदने के लिए निर्देशित कर दिया है। जनवरी माह तक भवन को शुरु कर दिया जाएगा। जिसके बाद भवन में तीमारदार ठहर सकेगें। डा. विजय सिंह, पीएमओ, जिला अस्पताल धौलपुर। अटेंडर भवन के सामने खाना खा रहे तीमारदार।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *