भास्कर न्यूज| सिमडेगा जिले के हुरदा बाजार शेड में रविवार को झारखंड प्रदेश विद्यालय रसोइया संयोजिका अध्यक्ष संघ की एक महत्वपूर्ण संकुल स्तरीय बैठक आयोजित की गई। जिला सचिव संध्या देवी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में रसोइयों ने सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अक्टूबर 2024 में मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता में समान कार्य के लिए सम्मानजनक मानदेय देने का आश्वासन दिया गया था। बावजूद इसके आज तक मांगों पर कोई ठोस अमल नहीं हुआ। रसोइयों ने दर्द साझा करते हुए बताया कि पिछले चार महीनों से मानदेय बकाया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। हड़ताल को प्रभावी बनाने के लिए संघ ने निर्णय लिया है कि सभी रसोइया, संयोजिका और अध्यक्ष अपने-अपने संकुल स्कूलों में एकत्रित होंगे। वहां से संकुल भ्रमण कर कार्य बहिष्कार किया जाएगा और एकजुटता का परिचय देते हुए हड़ताल को सफल बनाया जाएगा। संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी निम्नलिखित मुख्य मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। सभी रसोइयों की सेवा को स्थायी किया जाए। रसोइयों को सरकारी दर पर निर्धारित मजदूरी दी जाए।मंच संचालन कलावती देवी ने किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से मुक्ति जोजो, आनंदिता होरो, कुमुदिनी जोजो, सुभद्रा सिंह, सविता देवी, शैब्या देवी, कुषमा देवी, जानकी देवी, कुन्ती देवी, यशोदा देवी, बसंती देवी, उर्मिला देवी, एतवारी देवी सहित भारी संख्या में रसोइया उपस्थित थीं।


