मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित बीमारियों से जागरूक करने के लिए राजस्थान विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की ओर से गुरुवार को मानविकी पीठ सभागार में मेंटल हैल्थ कार्निवल आयोजित हुआ। कार्निवल में हैल्थोलॉजी क्लब का उद्घाटन भी हुआ, जो मानसिक स्वास्थ्य की जागरूकता और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए समर्पित एक मंच है। मुख्य अतिथि आरयू की कुलपति प्रो.अल्पना कटेजा ने कहा कि बदलते लाइफस्टाइल से लगातार मानसिक बीमारियों में इजाफा हो रहा है, हमेशा खुश रहकर इनसे छुटकारा पाया जा सकता है। खेल सचिव नीरज.के.पवन ने मानसिक स्वास्थ्य के मुद्दों से जुड़े कलंक को खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयासों की तत्काल आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। पवन विवि के विद्यार्थी भी रहे हैं। नृत्य-संगीत के कई कार्यक्रम कार्यक्रम की अध्यक्षता मनोविज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो.ओ.पी. शर्मा ने की। प्रतिभागियों और दर्शकों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विचार करने, समुदाय में जागरूकता और समझ को बढ़ावा देने के लिए सफलतापूर्वक एक साथ लाया गया। समारोह के दौरान स्लोगन प्रतियोगिता, मनो-नाटकीय प्रस्तुति, नृत्य एवं संगीत के कार्यक्रम किए गए। कार्यक्रम का संचालन प्रो. सुशील पारीक एवं डॉ चंद्रानी सेन ने किया।


