जयपुर | शहर के शिप्रा पथ थाना इलाके में मंगलवार को शिप्रा मैरिज गार्डन में कुछ लोगों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर तोड़फोड़ की और लाखों का सामान पार कर दिया। पीड़ित बुजुर्ग मालिक ने फोन पर शिप्रा पथ पुलिस को सूचना दी। मामले के अनुसार आदर्श नगर निवासी सुरेश नरूला का मानसरोवर में शिप्रा हाउस नाम से मैरिज गार्डन है। नरूला ने बताया कि वे बीमार हैं और घटना के वक्त अपने निवास से करीब 30 किमी दूर थे। शाम 5 बजे पड़ोसी ने नरूला को फोन कर बताया कि कुछ लोग परिसर में घुसकर तोड़फोड़ और चोरी कर रहे हैं। तब शाम 5:06 बजे पीड़ित ने तुरंत शिप्रा पथ थाने में फोन कर सूचना दी। इसके बाद 100 नंबर पर भी कॉल किया। असामाजिक तत्व परिसर में लगे टेंट हाउस का सामान, सोफे और कुर्सियां चोरी कर ले गए। पीड़ित जब रात करीब 8:30 बजे मौके पर पहुंचा, तो वहां सब कुछ गायब मिला। इस संबंध में शिप्रा पथ थाने में रिपोर्ट दी गई है।


