पंजाब के मानसा जिले के गांव ख्याला कलां में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व सरपंच समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब एक बस को ओवरटेक करते समय दो बाइक आपस में टकरा गईं।मृतकों की पहचान 26 वर्षीय कुलदीप सिंह और 75 वर्षीय पूर्व सरपंच बिकर सिंह के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों नवजोत सिंह भुपाल और रामपाल सिंह ख्याला कलां के अनुसार, कुलदीप सिंह मानसा से अपने गांव भुपाल जा रहे थे। गांव ख्याला के पास एक बस को क्रॉस करते समय उनकी बाइक की टक्कर पूर्व सरपंच बिकर सिंह की बाइक से हो गई। थाना ठुठियावाली के इंचार्ज दीप सिंह ने बताया कि दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मानसा के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने दोनों परिवारों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच की जा रही है।


