पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा का परिणाम 16 मई को घोषित हो गया है। मानसा जिले के सरदूलगढ़ क्षेत्र के सरकारी सेकेंडरी स्कूल मीरपुर कलां की छात्रा लवप्रीत कौर ने जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। जानकारी के अनुसार लवप्रीत ने 650 में से 442 अंक हासिल किए हैं। उन्होंने 98.77% स्कोर किया है। वह पंजाब में शीर्ष 5 में आने की उम्मीद कर रही थीं, लेकिन राज्य में आठवें स्थान पर रहीं। लवप्रीत किसान बूटा सिंह की बेटी हैं। उनकी माता चरणजीत कौर गृहिणी हैं। परिवार में दादी, एक छोटी बहन और एक छोटा भाई भी हैं। कानून की पढ़ाई करना चाहती हैं लवप्रीत छात्रा ने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल के शिक्षकों और अभिभावकों को दिया है। उन्होंने बताया कि स्कूल के अलावा वह रोजाना 6 घंटे से अधिक समय घर पर पढ़ाई करती थीं। लवप्रीत ने अपने भविष्य की योजनाओं के बारे में बताया कि वह कानून की पढ़ाई करना चाहती हैं। उनका सपना जज बनकर लोगों की सेवा करना है।


