पंजाब के मानसा में आज तीन गांवों की गेहूं की फसल में आग लग गई, जिससे करीब 100 एकड़ फसल जलकर राख हो गई। भैणीबाघा गांव में 50 एकड़, जटाणा कला में 30 एकड़ और सरदूलगढ़ में 20 एकड़ फसल जल गई। भैणीबाघा गांव के किसान महेंद्र सिंह, जटाणा कला के मनजीत सिंह और सरदूलगढ़ के बिक्कर सिंह व मलकीत सिंह ने बताया कि अचानक आग लगने से फसल का बड़ा नुकसान हुआ। आसपास के लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। ट्रैक्टरों की मदद से आग को फैलने से रोका गया। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में मदद की। किसान नेता राम सिंह ने कहा कि मानसा जिले में बड़े स्तर पर गेहूं की फसल को आग लगी है। प्रभावित किसानों ने पंजाब सरकार से गिरदावरी करवाकर मुआवजा देने की मांग की है। किसानों का कहना है कि सरकार जल्द से जल्द खेतों का सर्वे कर नुकसान की भरपाई करे।


