मानसा में जिप चुनाव का बायकाट:तलवंडी अकलिया में सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में दे रहे धरना, बोले- स्वास्थ्य पर बुरा असर

पंजाब में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए मतदान जारी है। इस बीच, मानसा जिले के तलवंडी अकलिया गांव में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से मतदान का बहिष्कार कर विरोध प्रदर्शन किया। उनकी मुख्य मांग गांव में प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री को रोकना है। ग्रामीणों ने पोलिंग बूथ के बाहर शांतिपूर्ण धरना दिया। उनका कहना है कि गांव में सीमेंट फैक्ट्री लगने से पर्यावरण और स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा। राजनीतिक दलों से मांगी मदद लेकिन नहीं मिला सहयोग गांव के काका सिंह, सिकंदर सिंह और मनप्रीत सिंह ने बताया कि वे पिछले आठ महीनों से सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने फैक्ट्री को रोकने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से भी मुलाकात की, लेकिन उन्हें किसी का समर्थन नहीं मिला। इसी कारण उन्होंने आज मतदान का बहिष्कार करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि मतदान करना हर व्यक्ति का अधिकार है और जो वोट डालना चाहते हैं, उन्हें रोका नहीं जा रहा है। उन्होंने पहले बठिंडा के बनावाला में लगे थर्मल प्लांट की राख के कारण हुई बीमारियों और कृषि भूमि पर पड़े बुरे प्रभाव का भी जिक्र किया। अगर फैक्ट्री के काम को नहीं रोका तो विधानसभा चुनाव का भी बहिष्कार ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि आने वाले दिनों में भी इस फैक्ट्री के काम को नहीं रोका गया, तो वे पंजाब सरकार के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 के चुनावों में भी गांव के लोग बहिष्कार जारी रखेंगे। सुबह 11 बजे तक स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर केवल 13 से 14 वोट ही डाले गए थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *