मानसा में धान खरीद नहीं होने पर प्रदर्शन:किसान बोले-सरकार पीछे हट रही है, डीसी दफ्तर के बाहर सड़क पर उतारा धान

मानसा में धान की खरीद न होने से नाराज किसानों ने आज डिप्टी कमिश्नर (डीसी) कार्यालय के बाहर सड़क पर धान उतारकर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी फसल नहीं खरीदी जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। भारतीय किसान यूनियन डकौदा के नेतृत्व में किसान धान से भरी ट्रॉलियां लेकर डीसी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जिला कचहरी के पास सड़क पर अपना धान उतार दिया। यह प्रदर्शन मंडियों में कई दिनों से धान की खरीद न होने के विरोध में किया जा रहा है। किसान नेताओं इकबाल सिंह, करम सिंह और काला सिंह ने बताया कि वे कई दिनों से अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों में पहुंच रहे हैं, लेकिन उनकी धान की खरीद नहीं हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर सरकार किसानों का ‘दाना-दाना’ खरीदने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर अब किसानों के धान की फसल खरीदने से पीछे हट रही है। धान की खरीद नहीं होने तक विरोध प्रदर्शन जारी किसानों ने कहा कि वे परेशान होकर अपनी फसल ट्रॉलियों में भरकर डीसी कार्यालय के बाहर लाए और यहीं पर धान उतार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनके धान की खरीद नहीं होती, तब तक डीसी कार्यालय के बाहर उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। किसान नेताओं ने यह भी बताया कि कई किसानों की फसलें अभी भी उनके घरों में पड़ी हैं, क्योंकि खरीद न होने के कारण वे उन्हें बेच नहीं पा रहे हैं। उन्होंने सरकार से तुरंत धान की खरीद करने की अपील की, अन्यथा किसानों को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *