मानसा शहर में ससुराल पक्ष से कथित तौर पर प्रताड़ित होकर एक महिला ने आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद, मृतका के मायके परिवार ने ससुराल पक्ष के शोरूम के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और शहर में इंसाफ मार्च निकाला। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक महिला की पहचान 46 वर्षीय मीनाक्षी जिंदल के रूप में हुई है, जिनकी शादी 25 वर्ष पहले राजीव जिंदल से हुई थी। गुरुवार को मीनाक्षी से मारपीट की गई मृतक महिला मीनाक्षी के भाई अमित और बहन विशाली ने बताया कि उनका ससुराल परिवार मीनाक्षी के साथ लगातार मारपीट करता था और उसे परेशान करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि गुरुवार रात को भी परिवार द्वारा मीनाक्षी के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद वह शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर से चली गई और नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। मीनाक्षी के मायके वालों ने किया प्रदर्शन मायके परिवार के अनुसार, मीनाक्षी की नहर में कूदने की वीडियो और उसकी चुनरी ससुराल पक्ष को पटियाला से मिली थी, लेकिन उन्होंने यह जानकारी परिवार को नहीं दी और कहते रहे कि लड़की को मायके वालों ने छिपा रखा है। जब मायके परिवार को घटना का पता चला, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आज (30 सितंबर) को मीनाक्षी जिंदल के शव को ससुराल पक्ष के शोरूम के बाहर रखकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके बाद, शहर में न्याय की मांग को लेकर एक मार्च भी निकाला गया। 8 लोगों पर मामला दर्ज थाना सिटी टू मानसा के इंचार्ज गुरतेज सिंह ने बताया कि मायके परिवार के बयानों के आधार पर, ससुराल परिवार के पति समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


