मानसा में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष आपस में भिड़े:प्रदर्शन के दौरान गाली-गलौज, हाथापाई हुई; सिद्धू मूसेवाला के पिता ने शांत कराया

मानसा में यूथ कांग्रेस के एक विरोध प्रदर्शन के दौरान संगठन के जिला अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्ष आपस में भिड़ गए। यह घटना पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति बहाल करने की मांग को लेकर आयोजित धरने के दौरान हुई। मौके पर मौजूद दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। यूथ कांग्रेस ने गैंगस्टरवाद और राज्य में शांति बहाली को लेकर मुख्यमंत्री और डीजीपी का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसी दौरान यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संजोगप्रीत सिंह डेवी और नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष करण होड़ला के बीच विवाद शुरू हो गया। जानकारी के अनुसार, यह विवाद एक बैनर को लेकर हुआ। करण होड़ला अपनी तस्वीर वाले बैनर के साथ धरने में शामिल हुए थे, जिसे लेकर दोनों नेताओं में बहस शुरू हो गई। बहस जल्द ही गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। दोनों नेताओं में पद को लेकर पहले से तनाव कांग्रेस में लंबे समय से गुटबाजी चल रही है। संजोगप्रीत सिंह डेवी मानसा में जिला अध्यक्ष के पद पर नियुक्त थे। हाल ही में यूथ कांग्रेस के पंजाब अध्यक्ष ने करण होड़ला को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था, जिससे दोनों नेताओं के बीच पद को लेकर पहले से ही तनाव था। स्थिति बिगड़ते देख सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह और उनके साथी चमकौर सिंह ने बीच-बचाव किया और दोनों नेताओं को शांत कराया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *