मानसा में लैंड पूलिंग के खिलाफ किसानों की बाइक रैली:बोले- कृषि कानून की तरह वापस लेनी पड़ेगी, जमीन नहीं देंगे

मानसा में आज यानी सोमवार को किसानों ने बाइक रैली निकालकर लैंड पूलिंग पॉलिसी का विरोध किया। भारतीय किसान यूनियन आजाद और भारतीय किसान यूनियन क्रांतिकारी के नेतृत्व में किसानों ने मार्च निकाला। मार्च गांव ठूठियावाली से शुरू होकर पूरे जिले में निकाला गया। किसान नेता जगदेव सिंह, करनैल सिंह और नाजर सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार राज्य में 65,000 एकड़ जमीन लैंड पूलिंग के तहत अधिग्रहित करने की योजना बना रही है। इसमें मानसा जिले के गांव ठूठियावाली की 212 एकड़ जमीन भी शामिल है, जिसका नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने जमीन अधिग्रहण के लिए किसानों की सहमति नहीं ली है। उन्होंने कहा कि मानसा के किसान अपनी जमीन नहीं देना चाहते। पूरे पंजाब में किसान इस पॉलिसी का विरोध कर रहे हैं। नेताओं ने याद दिलाया कि पहले केंद्र सरकार ने तीन कृषि कानून लाए थे, जिन्हें किसानों के विरोध के बाद वापस लेना पड़ा। उनका कहना है कि अब पंजाब सरकार किसानों की जमीन हड़पना चाहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार जबरदस्ती जमीन अधिग्रहित करने की कोशिश करेगी, तो किसान कड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *