मानसा में सफाई कर्मचारियों के समर्थन में बंद रहीं बाजार:बरनाला में लाठी चार्ज का विरोध, व्यापारियों व संगठनों ने दिया समर्थन

अपनी जायज़ मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर बरनाला में पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में आज बुलाए गए ‘पंजाब बंद’ का मानसा शहर में व्यापक असर देखने को मिला। सफाई कर्मचारियों के समर्थन में शहर के दुकानदारों, व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक व कर्मचारी संगठनों ने अपने प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखकर एकजुटता जताई। सफाई कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर पिछले काफी समय से पूरे प्रदेश में पंजाब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। हाल ही में बरनाला जिले में प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज में कई सफाई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस हिंसक कार्रवाई के बाद कर्मचारियों का गुस्सा और भड़क गया, जिसके विरोध में आज राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया गया था। लाठीचार्ज कराने वाले DSP को बर्खास्त करने की मांग सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान संजीव कुमार रत्ती, सुनील कुमार और बलदेव सिंह ने बताया कि वे अपनी मांगों को लेकर लगातार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज़ उठा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज कर कर्मचारियों को घायल किया। यूनियन नेताओं ने मांग की है कि इस लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार डीएसपी को तुरंत प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त किया जाए। व्यापारियों और संगठनों का मिला पूर्ण सहयोग मानसा में बंद के आह्वान को हर वर्ग का समर्थन मिला। शहर के मुख्य बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप रहीं। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि जब तक दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ा संज्ञान नहीं लिया जाता और उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं, तब तक सरकार के खिलाफ यह संघर्ष इसी तरह जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *