मानसा में नगर कौंसिल चुनाव को लेकर विवाद गहरा गया है। बीते दिनों कांग्रेस पार्षद नेम चंद ने चुनाव में धक्केशाही का आरोप लगाते हुए एसडीएम और विधायक के खिलाफ नारेबाजी की थी। इसके बाद एसडीएम की ओर से पार्षद पर मामला दर्ज करवा दिया गया। इस कार्रवाई के विरोध में आज सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह और कांग्रेस जिला अध्यक्ष की अगुआई में पुतला फूंक कर रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आम आदमी पार्टी और एसडीएम पर गंभीर आरोप लगाए। बलकौर सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी और मानसा के एसडीएम ने सरेआम धक्केशाही की है। उन्होंने कांग्रेस के पार्षद को हराने के बाद उन पर ही मामला दर्ज करवा दिया। उन्होंने इसे निंदनीय बताया और कहा कि आम आदमी पार्टी ऐसे घिनौने कामों पर उतर आई है। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव की वीडियो को सार्वजनिक करने और धक्केशाही करने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नेम चंद पर दर्ज मामला वापस नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी की ओर से तीखा संघर्ष किया जाएगा।


