पंजाब के मानसा शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण सीवरेज का पानी सड़कों पर भर गया है। इससे स्थानीय दुकानदारों और निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के बाजार और वीर नगर मोहल्ले में स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। दुकानदारों का कहना है कि सीवरेज के पानी की वजह से ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इस समस्या के विरोध में दुकानदारों ने अनोखा प्रदर्शन किया। उन्होंने सीवरेज के पानी में कुर्सियां रखकर विरोध जताया। वीर नगर के निवासियों ने रेलवे फाटक के पास धरना दिया। दुकानदार सतीश कुमार, अंबेडकर सिंह, हरजिंदर सिंह, हरजीत सिंह, गुरविंदर सिंह और मनप्रीत सिंह ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही पानी नहीं निकाला गया तो वे प्रदर्शन और तेज करेंगे। नगर कौंसिल के कार्य प्रधान सुनील कुमार नीनू ने बताया कि शहर के कई हिस्सों में पानी भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि मोटर लगाकर पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है। उनके अनुसार, अगर बारिश नहीं हुई तो जल्द ही पानी निकाल दिया जाएगा।


