मानसा में सीवरेज को लेकर स्थानीय लोगों ने आज विरोध प्रदर्शन किया। बस स्टैंड से शुरू हुए रोष मार्च में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और विधायक डॉ. विजय सिंगला के घर के बाहर पंजाब सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों के नेता कामरेड कृष्ण चौहान, काउंसलर अमृतपाल सिंह, रामपाल सिंह और जसवीर कौर ने बताया कि पिछले 80 दिनों से लगातार बस स्टैंड के बाहर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर की हर गली और चौराहे पर सीवरेज का गंदा पानी फैला हुआ है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि न तो सरकार और न ही कोई सरकारी अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान दे रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही सीवरेज समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में सरकार के खिलाफ और भी बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। पहले भी शहर में कई बार विरोध प्रदर्शन हो चुके हैं, लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।


