पंजाब के मानसा शहर में लोग लगातार सीवरेज की समस्या से जूझ रहे हैं। बारिश का मौसम नहीं होने के बाद भी शहर के गलियों और सड़कों पर पानी भरा हुआ है। लोग इसे लेकर कई बार अधिकारियों और स्थानीय नेताओं को भी शिकायत दे चुके हैं, मगर समाधान नहीं हो सका। जिसके बाद शहरवासियों ने 12 जनवरी को विधायक विजय सिंघला के घर के बाहर प्रदर्शन करने का फैसला किया है। जानकारी देते हुए शहर निवासी रणजोत सिंह ने बताया कि वीर नगर चौक, रविदास मंदिर, ठुठियां वाली रोड के अलावा शहर के कई हिस्से सीवरेज के पानी में डूबे हुए हैं। साथ ही पिछले 72 दिनों से शहर के मानसा बस स्टैंड पर लोग धरना देकर सीवरेज पानी की निकासी की मांग कर रहे हैं लेकिन इसके बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। मानसा शहर के लोगों ने कहा कि सीवरेज का पानी बह रहा है सड़कों और गलियों में इतनी गंदगी फैल गई है कि लोग परेशान हैं और गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार मानसा शहर की सीवरेज समस्या के समाधान के दावे तो कर रही है, लेकिन ये दावे अभी भी खोखले नजर आ रहे हैं। धरना दे रहे लोगों ने चेतावनी दी है कि 12 जनवरी को विधायक डॉ. विजय सिंघला के घर के बाहर प्रदर्शन करेंगे।


