कोडरमा के झुमरी तिलैया शहर में बारिश के मौसम में जल जमाव की समस्या से निपटने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर परिषद पिछले 15 दिनों से नालों की सफाई में जुटी है। नगर प्रशासक अंकित गुप्ता के अनुसार, सभी 28 वार्डों के नाले और शहर के मुख्य नाले की सफाई अगले 10 दिनों में पूरी कर ली जाएगी। दोनों सिटी मैनेजर को इस काम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सड़कों पर बहने वाले बारिश के पानी को नालों से जोड़ा जा रहा
सफाई का काम दो शिफ्टों में चल रहा है। सुबह और शाम अलग-अलग टीमें नालों से निकले कूड़े-कचरे का निस्तारण कर रही हैं। साथ ही सड़कों पर बहने वाले बारिश के पानी को नालों से जोड़ा जा रहा है। नगर परिषद ने हाल की बारिश के बाद शहर के निचले इलाकों की पहचान की है। इन जगहों पर विशेष काम किया जाएगा, ताकि लगातार बारिश के दौरान लोगों को जल जमाव की समस्या न हो। कुछ जगहों पर बड़े नालों पर अतिक्रमण से सफाई में दिक्कत आ रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अतिक्रमण के कारण नालों में पानी का बहाव सही तरीके से नहीं हो पा रहा है। ऐसी जगहों पर सफाई कर्मियों को नालों में उतरकर सफाई करनी पड़ रही है। फूल प्रूफ प्लान तैयार किया गया सफाई निरीक्षक राजू राम ने बताया कि बरसात से पहले सभी नालों का सफाई कर लिया जाएगा। उन्होंने भी माना कि नालों के अतिक्रमण के कारण सफाई करने वाली टीम को कई जगहों पर परेशानियों के साथ और मशक्कत करनी पड़ रही है। वहीं, नगर प्रशासक अंकित गुप्ता ने कहा कि एक खास प्लान के साथ इस बार शहरी क्षेत्र के लोगों को मानसून में जल-जमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए फूल प्रूफ प्लान तैयार किया गया है और इस प्लान पर 15 दिन पहले से ही कार्य शुरू कर दिया गया है।


