भास्कर न्यूज | कवर्धा भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने मादक पदार्थों के दुरुपयोग और तस्करी के खिलाफ एक नई हेल्पलाइन सेवा शुरू की है। इसका नाम ‘मानस’ (मादक पदार्थ निषेध सूचना केंद्र) रखा गया है। यह सेवा पूरे देश में लागू की गई है। कबीरधाम जिले में इसका प्रचार किया जा रहा है। यह हेल्पलाइन नागरिकों को नशे से जुड़ी किसी भी जानकारी देने, शिकायत करने और नशामुक्ति के लिए परामर्श लेने की सुविधा देती है। सेवा पूरी तरह गोपनीय और निशुल्क है। नागरिक बिना किसी डर के मादक पदार्थों की तस्करी, दुरुपयोग या नशामुक्ति से जुड़ी जानकारी साझा कर सकते हैं। ‘मानस’ हेल्पलाइन के तीन प्रमुख माध्यम हैं। पहला, टोल-फ्री नंबर 1933 है, जिस पर 24 घंटे कॉल की जा सकती है। दूसरा, वेब पोर्टल और मोबाइल एप है, जहां शिकायत दर्ज करने, नशामुक्ति केंद्रों की जानकारी और परामर्श की सुविधा उपलब्ध है। तीसरा, उमंग एप है। इसका जरूर उपयोग करें कबीरधाम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस हेल्पलाइन का अधिक से अधिक उपयोग करें। यह सेवा नशे के खिलाफ लड़ाई में एक मजबूत हथियार साबित हो सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही, नशामुक्ति के लिए परामर्श और मार्गदर्शन भी मिलेगा। गृह मंत्रालय की यह पहल समाज को नशे से मुक्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। ‘1933-एक कॉल, जो किसी की जिंदगी बदल सकती है।’


