मापन मेला: बच्चों ने व्यवहारिक तरीके से सीखा गणित

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर विकासखंड मनोरा के संकुल डूमरटोली अंतर्गत प्राथमिक शाला बेलटोली में गणित विषय को रोचक और व्यवहारिक बनाने के उद्देश्य से मापन मेला आयोजित किया गया। कार्यक्रम विकासखंड शिक्षा अधिकारी तरुण पटेल के मार्गदर्शन में हुआ। मेले का उद्घाटन विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक आशुतोष शर्मा ने किया। मेले में बच्चों ने विभिन्न स्टॉल लगाए, जहां उन्होंने किताबी ज्ञान को व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत किया। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन और शिक्षकों के सहयोग से आयोजित इस मेले में बच्चों ने मापन, अनुमान और गणना से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया। स्टॉलों के माध्यम से बच्चों ने खरीद बिक्री की प्रक्रिया दिखाई, जिससे उन्हें पैसों के लेन देन और बिल बनाने की समझ मिली। उद्घाटन अवसर पर आशुतोष शर्मा ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से गणित जैसे कठिन माने जाने वाले विषय के प्रति बच्चों का डर कम होता है। जब बच्चे स्वयं फीते से लंबाई नापते हैं, तरल पदार्थों को मापते हैं या बाजार की तरह खरीद बिक्री करते हैं, तो उनकी गणितीय समझ स्थायी रूप से विकसित होती है। मेले में बच्चों ने फीता और पैमाने से लंबाई मापने, बर्तनों से द्रव मापन करने और अनुमान के बाद सटीक माप करने का अभ्यास किया। मेरी ऊंचाई और लंबाई अनुमान जैसे खेलों के जरिए बच्चों ने पहले अनुमान लगाना और फिर सही मापन करना सीखा। कार्यक्रम को सफल बनाने में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के नीलाभ्र घोष और प्रधान पाठक खैटू राम महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सामग्री निर्माण और स्टॉल संचालन में रजनी बिंझवार, जेम्माग्रेस, बसंती भगत, अनास्तासिया एक्का, रंजनी भगत, सुकांत आदिले और बेर्नार्ड केरकेट्टा का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में संकुल समन्वयक सत्यदीप प्रसाद डूमरटोली, अजीत सिदार सोगड़ा, इंदु पटेल टेम्पो, उल्लास परियोजना समन्वयक विपिन विकास खरे, प्रवीण पाठक प्रधान पाठक माध्यमिक शाला डूमरटोली सहित संकुल के शिक्षक सहित अन्य मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *