कोंडागांव में बड़ेराजपुर विकासखंड के ग्राम मारंगपुरी में सुशासन तिहार के तीसरे चरण के तहत समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कांकेर सांसद भोजराज नाग और केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम मौजूद रहे। मारंगपुरी कलस्टर के 9 गांवों के ग्रामीणों ने शिविर में हिस्सा लिया। शासन की योजनाओं से जुड़े 2182 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 2165 आवेदनों का सफल निराकरण किया गया। विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। अतिथियों ने स्टॉल का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण अभियान में भागीदारी की अपील सांसद भोजराज नाग ने कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ वृक्षारोपण अभियान में भागीदारी की अपील की। विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सुशासन तिहार गांव-गांव में शासन की योजनाएं पहुंचा रहा है। शिविर में 27 महिला स्व-सहायता समूहों को 1.15 करोड़ रुपए का बैंक लिंकेज दिया गया। इसके अलावा 43 पेंशन, 18 राशन कार्ड और 15 किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए। 29 जाति प्रमाण पत्र और 12 ऋण पुस्तिकाएं भी दी गईं। जल संरक्षण के लिए उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पंच-सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


