लोहावट पुलिस ने मारपीट और लज्जा भंग के मामले में फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी हरिसिंह के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। यह मामला 15 दिसंबर को लोहावट पुलिस थाने में दर्ज किया गया था। प्रार्थी ने अपनी शिकायत में बताया था कि 14 दिसंबर की रात करीब 10:30 बजे जब वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था, तब आरोपी राकेश और अन्य लोग घर में घुस आए। आरोपियों ने प्रार्थी के दामाद की कार और उसकी बाइक को आग लगा दी। उन्होंने प्रार्थी और उसके बच्चों के साथ मारपीट भी की। शिकायत के अनुसार, प्रार्थी की बेटी के साथ छेड़छाड़ की गई, जिससे उन्हें शारीरिक चोटें आईं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एएसआई शैतानाराम के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया था। टीम ने कार्रवाई करते हुए प्रकरण में वांछित आरोपी राकेश और प्रवीण कुमार उर्फ सुरेश पुत्र भंवरलाल विश्नोई, निवासी पल्ली, मतोड़ा को गिरफ्तार किया। आरोपियों से मामले में आगे की जांच जारी है।


