मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत:रिश्तेदार ने किया था अपहरण, पुलिस थाने के बाहर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

चूरू के रतनगढ़ थाना इलाके में खेत में काम कर रहे युवक के साथ मारपीट कर अपहरण करने का मामला सामने आया है। मारपीट से घायल युवक की जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। आक्रोशित परिवार के लोग और ग्रामीण शव को जयपुर से सीधे रतनगढ़ पुलिस थाने लेकर आए। जहां शव को एंबुलेंस में रखकर विरोध प्रदर्शन किया। रतनगढ़ थानाधिकारी दिलीप सिंह शेखावत ने बताया कि युवक के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। तहसील के गांव भुखरेड़ी में नौ जनवरी को मुकेश (24) अपनी बहन सुशीला के साथ खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान उनका रिश्तेदार कृष्ण जाट निवासी बासनी तहसील लक्ष्मणगढ़ पिकअप लेकर आया। पिकअप को गांव का विजेंद्र चला रहा था। इनके साथ कालू ढुकिया निवासी खेड़ी और राहुल नेहरा निवासी दीवाना कुमास थे। इन लोगों ने हथियारों के बल पर मुकेश के साथ मारपीट की। इसके बाद पिकअप में डालकर गांव राजास ले गए। थानाधिकारी ने बताया कि राजास पहुंचने के बाद इन लोगों ने दूसरी गाड़ी मंगवाई। जिसमें तीन-चार लोग सवार थे। उनमें से एक पवन भी था। सभी ने मिलकर मुकेश के साथ मारपीट की और साढ़े चार हजार रुपए और चांदी की चेन छीनकर ले गए। घायल के पिता धनाराम जाट के द्वारा दस जनवरी को मामला दर्ज करवाया गया था। घटना में घायल मुकेश को रतनगढ़ अस्पताल से चूरू रेफर किया गया, जहां से उसे बीकानेर और बाद में जयपुर रेफर किया गया। जयपुर में शनिवार को युवक ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। घटना के नौ दिन बीतने के बाद भी पुलिस की ओर से किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं करने पर पुलिस थाने के सामने शव रखकर आक्रोश जताया। मामले में पुलिस संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *