जांजगीर | बलौदा थाना क्षेत्र में अप्रैल माह में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो रही थी, जिस पर पीड़ित पक्ष ने एसपी विजय कुमार पाण्डेय से शिकायत की। शिवशंकर अपने घर के सामने झगड़ा कर रहा था। राहगीरों ने उसे गाली-गलौज से रोका, तभी गोपाल सारथी वहां पहुंचा। शिवशंकर ने गोपाल से गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। गुस्से में गोपाल ने हाथ मुक्कों से हमला किया और शिवशंकर का सिर दीवार में दे मारा। वह गिर पड़ा, इसके बाद गोपाल ने उसके सिर पर कई बार लात मारी, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और वह बेहोश हो गया। परिजन उसे तत्काल सीएचसी बलौदा ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे बिलासपुर के रामकृष्ण अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बलौदा पुलिस ने मर्ग कायम किया था, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। पीड़ित पक्ष द्वारा एसपी को घटना का वीडियो फुटेज दिखाए जाने के बाद बिलासपुर से मर्ग डायरी मंगाई गई। जांच में हत्या की पुष्टि होने पर आरोपी गोपाल सारथी को 20 मई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


