मारपीट-लूटपाट मामले में वांछित राहुल कुम्हार गिरफ्तार:दो महीने से था फरार; दिल्ली, गुरुग्राम और हरियाणा में काटी थी फरारी

जवाहर नगर थाना पुलिस ने मारपीट और लूटपाट के एक मामले में वांछित आरोपी राहुल कुम्हार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले दो महीने से गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहा था। पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व संजीव नैन के निर्देश पर गठित टीम ने यह कार्रवाई की। परिवादी सौरभ शाक्य उर्फ छोटू (23) ने 3 अक्टूबर को जवाहर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, वह और राहुल कुमार शराब लेने के बाद मोटरसाइकिल पर टीला नंबर 5 के पीछे जंगल में गए थे। यह घटना 1 अक्टूबर की शाम की है। वहां राहुल ने एक अन्य लड़के को बुलाया। इसके बाद राहुल और उसके साथी ने सौरभ के साथ मारपीट की। उन्होंने सौरभ के फोन-पे से 3124 रुपए ट्रांसफर कर लिए और उसकी चांदी की चेन व चांदी की अंगूठी भी छीन ली। राहुल अपने साथी को ‘सन्नी’ कहकर बुला रहा था। सौरभ को बाद में पता चला कि दोनों लड़के टीला नंबर 4 के रहने वाले हैं। इस रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त आदर्शनगर के सुपरविजन में थानाधिकारी महेश चंद्र गुर्जर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने इस मामले में पहले ही आरोपी सन्नी डलेत को गिरफ्तार कर लिया था। वांछित आरोपी राहुल कुम्हार (20), जो मोती लाल कुम्हार का पुत्र है, की तलाश दिल्ली, गुरुग्राम और हरियाणा में की गई। आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। राहुल कुम्हार कुम्हारों की ढाणी, ग्राम श्यामपुरा कचौलिया, पुलिस थाना बस्सी, जिला जयपुर का निवासी है और वर्तमान में टीला नंबर 3, कच्ची बस्ती, जवाहर नगर में रह रहा था। पुलिस ने राहुल के कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *