मारपीट से बुजुर्ग की मौत, परिजनों ने लगाया जाम:बड़ामलहरा में हत्या का केस दर्ज करने की मांग, पुलिस ने खुलवाया रास्ता

छतरपुर के बड़ामलहरा पुलिस अनुभाग के ग्राम सूरजपुरा कला में मारपीट से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। शनिवार सुबह परिजनों ने बड़ामलहरा के अस्पताल तिगड्डा पर शव रखकर रास्ता जाम कर दिया। वे आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश के बाद जाम खुलवाया। मृतक के बेटे सुंदर साहू, जो सूरजपुरा कला के निवासी हैं, ने बताया कि शुक्रवार शाम गांव में सगोना माता के पास महिलाएं भजन-कीर्तन कर रही थीं। इसी दौरान पप्पू खंगार शराब के नशे में वहां पहुंचा और अपनी बहन से विवाद करने लगा। जब 70 वर्षीय पुन्ना साहू ने उसे समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। मारपीट के बाद पुन्ना साहू को सीने में तेज दर्द महसूस हुआ। परिजन पुन्ना साहू को तत्काल अस्पताल ले जाने के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार सुबह बड़ामलहरा के अस्पताल तिगड्डा पर शव रखकर रास्ता जाम कर दिया। जाम के कारण कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टर आदित्य पटेरिया ने बताया कि बुजुर्ग को गंभीर हालत में लाया गया था और प्राथमिक जांच में उनकी मौत की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *