रांची | मारवाड़ी ब्राह्मण सभा का द्वि-वार्षिक चुनाव सत्र 2025–27 के चुनाव के लिए मतदान मारवाड़ी ब्राह्मण भवन में 23 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मुख्य चुनाव पदाधिकारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि मारवाड़ी ब्राह्मण सभा के लगभग 1600 सदस्य है, जो अपने मतदान का प्रयोग करेंगे। चुनाव के लिए नामांकन पत्र की बिक्री 4 से 7 मार्च तक होगी। नामांकन पत्र की जांच 7 मार्च को होगी। उम्मीदवारों की प्रथम सूची 8 मार्च को निकाली जाएगी, नामांकन वापसी 09 से 12 मार्च तक, उम्मीदवारों की अंतिम सूची 13 मार्च को आएगी और मतदान 23 मार्च को होगा। कार्यालय में नामांकन फॉर्म लेने व देने का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक है। सभा द्वारा चुनाव संबंधी कई दिशा निर्देश तय किए गए है। इसमें भवन परिसर के अंदर प्रचार-प्रसार सामग्री अथवा प्रलोभन देना वर्जित है। चुनाव इलेक्ट्रॉनिक विधि कंप्यूटर द्वारा संपन्न होगा। मतदान करने के लिए संरक्षक व आजीवन सदस्य ही भाग ले सकेंगे। उनको अपने साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस अथवा कोई भी पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। चुनाव प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतदाता अपना पहचान– पत्र दिखाकर मतदान केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे और चुनाव की प्रक्रिया क्रमबद्ध तरीके से होगी। चुनाव का कार्यक्रम भवन के प्रथम तल पर होगा। मतदाताओं के अलावा प्रथम तल पर किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश वर्जित रहेगा। प्रथम तल पर चुनाव की गतिविधि सीसीटीवी कैमरा के द्वारा आधार तल पर दिखाने की व्यवस्था की गई है। उम्मीदवारों की फोटो, क्रम संख्या, नाम के उल्लेख के साथ फ्लेक्स प्रिंट भवन में दो जगह लगाया जाएगा, जिससे मतदाता को उम्मीदवारों की जानकारी हो सके। उम्मीदवारों को मतदाताओं की सूची नामांकन के समय दी गई है, इसके अलावा मतदाताओं की सूची भवन के आधार तल पर प्रदर्शित की जाएगी। जिससे मतदाता स्वयं भी अपना नाम सूची में देखकर पहचान-पत्र के द्वारा प्रवेश कर सकेंगे। चुनाव के समय भवन में शांति व संयम बनाए रखें, ताकि माहौल नहीं बिगड़े।


