भिंड जिले की मालनपुर थाना पुलिस ने रविवार को चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 140 किलो गांजा जब्त हुआ। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत 18.20 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। मालनपुर टीआई प्रदीप सोनी ने बताया कि आज दोपहर साढ़े तीन बजे, ग्वालियर की ओर से आ रहे ट्रक (आरजे 11 जीए 6033) को रोकने का प्रयास किया। ड्राइवर ने ट्रक भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में पीछे के हिस्से में कुछ नहीं मिला। लेकिन केबिन में प्लास्टिक की बोरियों में नौ पैकेट मिले, खोलने पर उनमें 140 किलो निकला गांजा मिला। गिरफ्तार आरोपियों में 21 वर्षीय सुनील यादव (जिला श्योपुर), 47 वर्षीय श्यामलाल राजपूत, 40 वर्षीय करतार सिंह राजपूत और किशनलाल माहौर (सभी निवासी ग्वालियर) शामिल हैं। पुलिस ने ट्रक और गांजा जब्त कर आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त गांजा की कीमत 18.20 लाख रुपए और ट्रक की कीमत 35 लाख रुपए आंकी गई है। कार्रवाई में एसआई बलवंत सिंह यादव और हवलदार मनजीत सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।


