जयपुर के सांगानेर में माली (सैनी) समाज की ओर से आयोजित प्रथम जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में 10 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को टैबलेट भेंट किए गए। समारोह में प्रशासनिक सेवाओं में चयनित प्रतिभाओं और खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत और उदयपुरवाटी विधायक भगवाना राम सैनी रहे। कार्यक्रम संयोजक पुरण चंद माली ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज को एकजुट कर प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना था। कैबिनेट मंत्री गहलोत ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि महात्मा फुले के पदचिन्हों पर चलकर समाज को नई ऊंचाइयां प्राप्त करनी चाहिए। समारोह में चाकसू, बस्सी, बगरू, चौमू, आमेर, झोटवाड़ा और जयपुर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत फुले दंपती और सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई।


