मालेरकोटला में शार्ट सर्किट से बड़ा हादसा:उपले के ढेर में चिंगारी पहुंचने से भड़की आग, मवेशियों की झुलसकर मौत

जिले के पास स्थित गांव शेरवानी कोट में देर रात एक दुखद हादसा सामने आया है। गांव निवासी रशीद मोहम्मद पुत्र मेहर दीन के मवेशियों वाले बरामदे में अचानक आग लगने से तीन बड़े और एक छोटे (कुल चार) मवेशी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में पीड़ित परिवार का करीब 2.5 लाख रुपये का बड़ा आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है। पीड़ित रशीद मोहम्मद ने बताया कि बरामदे में बने उपलों (पाथियों) के ढेर के पास से गुजर रही बिजली की तारों में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट से उठी चिंगारी से उपलों के ढेर ने तुरंत आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। धुएं और गर्मी से तड़प-तड़पकर हुई मौत सुबह करीब 4 बजे जब घटना की जानकारी मिली, तो तुरंत ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए और सभी ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और चारों मवेशी दम तोड़ चुके थे। सूचना मिलने के बाद सरकारी पशु अस्पताल से डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। एसवीओ (SVO) डॉ. विक्रम कपूर ने बताया कि मवेशियों की मौत अत्यधिक घने धुएं से दम घुटने और आग की तेज गर्मी (सेक) के कारण हुई है। सरपंच और ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग गांव के सरपंच सुरिंदरजीत सिंह ने बताया कि तड़के सूचना मिलते ही वे ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे थे और आग बुझाने का प्रयास किया। उन्होंने पंजाब सरकार और प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि पीड़ित गरीब परिवार को तुरंत उचित वित्तीय सहायता प्रदान की जाए, ताकि उनके हुए इस भारी नुकसान की भरपाई हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *