भीलवाड़ा शहर में मावट की बूंदाबांदी ने सर्दी का असर और तेज कर दिया है। गुरुवार देर शाम और आज सुबह से बरसात की फुहार से ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। हालांकि तापमान में कोई गिरावट नहीं हुई है भीलवाड़ा का अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम 9 डिग्री रहा लेकिन ठंडी हवाओं से सर्दी का प्रकोप बढ़ा है। प्रदेश में एक्टिव हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से भीलवाड़ा के मौसम में भी लगातार बदलाव देखे जा रहे हैं।पिछले दो दिन से सर्द हवाओं के चलने के साथ ही शहर सहित जिले के कुछ क्षेत्रों में मावट का दौर जारी है। हल्की-फुल्की बारिश की बूंदों से शहर की सड़कें भीग गई वहीं जिले के कंवलियास और हुरडा में गुरुवार रात करीब आधे घंटे तक बरसात हुई। मौसम विभाग ने 27 और 28 दिसंबर को बारिश और कोहरे का अलर्ट जारी किया था, इसके चलते भीलवाड़ा में पिछले दो दिनों से बादल और हल्का कोहरा छाने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।सर्द हवाओं से गलन बढ़ गई है।कोहरा और दिन भर बादल छाए रहने से गुरुवार को पूरे दिन ठंड का अहसास हुआ,गुरुवार रात को भी बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी होने से मौसम में ठंडक बढ़ी है।रात में लगातार ओस पड़ने से मौसम में सर्दी का असर बना हुआ है।कोहरे के चलते जनजीवन और यातायात प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में सुबह सवेरे और देर रात घना कोहरा रहेगा जिससे विजिबिलिटी कम होगी कई क्षेत्रों में हल्की से माध्यम बारिश और ओले गिरने की संभावना भी व्यक्त की गई है।अगले सप्ताह सर्दी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।


